GPM में 18 से 21 अगस्त तक होगी 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता, 540 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रायपुर, 7 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा आयोजन होने जा रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला 18 से 21 अगस्त तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 540 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
चार खेलों में होगा मुकाबला
प्रतियोगिता के दौरान जिम्नास्टिक (बालक एवं बालिका), क्रिकेट (बालक), ताईक्वांडो (बालक एवं बालिका) तथा कबड्डी (बालिका) की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला प्रशासन ने तेज की तैयारियां
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागों को समन्वय के साथ समय-सीमा में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खिलाड़ियों के लिए होंगी बेहतर सुविधाएं
बैठक में खेल स्थलों के चयन, खिलाड़ियों के आवास, भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा उद्घाटन और समापन समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस प्रतियोगिता से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को राज्य स्तरीय खेल आयोजनों के सफल मेजबान के रूप में नई पहचान भी मिलेगी।
