कलेक्टर से भिड़ना RHO को पड़ा भारी! बैठक में अमर्यादित भाषा पर सस्पेंशन, बालोद में प्रशासन का बड़ा एक्शन
बैठक में कलेक्टर के निर्देश पर भड़के RHO, कथित बदसलूकी पड़ी भारी—कुछ ही देर में निलंबन का आदेश!

बालोद। स्वास्थ्य विभाग की बैठक में कलेक्टर से कथित तौर पर अमर्यादित भाषा में बात करना ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (RHO) यशवंत कुमार साहू को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने RHO यशवंत कुमार साहू की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई और उन्हें अपने काम में सुधार करने के साथ विभागीय निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में गरमा गया माहौल
बताया जा रहा है कि कलेक्टर के निर्देशों से RHO नाराज हो गए। इसी दौरान उन्होंने कलेक्टर के साथ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। बैठक में हुए इस घटनाक्रम के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जेएल उइके ने RHO यशवंत कुमार साहू के निलंबन का आदेश जारी किया।
प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को अनुशासनहीनता के रूप में लिया है। निलंबन की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार और विभागीय अनुशासन की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
