रिमझिम फुहारों के बीच खेल प्रतिभाओं ने भरी उड़ान, 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


– पेण्ड्रा में चार दिवसीय प्रतियोगिता का आगाज, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया उद्घाटन; पांचों संभागों के 540 खिलाड़ियों ने किया आकर्षक मार्चपास्ट

पेण्ड्रा, 18 अगस्त 2026। रिमझिम फुहारों के बीच मंगलवार को पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण कर 18 से 21 अगस्त तक चलने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों के जोश, आकर्षक मार्चपास्ट और स्कूली छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को खेलमय बना दिया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग से 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 540 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार खेल विधाओं—जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

खेल भावना और अनुशासन की दिलाई शपथ

उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने, अनुशासन, निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित करता है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “खेल को ऐसे खेलें कि वह पढ़ाई बन जाए और पढ़ाई को ऐसे पढ़ें कि वह खेल बन जाए।” उन्होंने खिलाड़ियों से तनाव और अवसाद से मुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

चार खेलों में दम दिखाएंगे 540 खिलाड़ी

चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक में बालक एवं बालिका, कबड्डी में बालिका, क्रिकेट में बालक तथा ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।

जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं जिम्नास्टिक हॉल, गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट फिजिकल कॉलेज मैदान गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो जनपद सभागार पेण्ड्रा और कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में आयोजित होंगी।

रंग-बिरंगी पोशाकों में खिलाड़ियों का मार्चपास्ट

उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों का आकर्षक मार्चपास्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। केसरिया, पीले, नीले, हरे, लाल और सफेद रंग की पोशाकों में सजे खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन और उत्साह के साथ मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों के जोश और उमंग से मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

वहीं, स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और विद्यार्थियों की प्रतिभा की शानदार झलक पेश की।

फिजिकल कॉलेज मैदान में बनेगा भव्य मंच

कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान फिजिकल कॉलेज मैदान में भविष्य में खेल एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बड़े और सुसज्जित मंच के निर्माण की घोषणा की गई।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इसके लिए 10 लाख रुपये तथा विधायक अटल श्रीवास्तव ने 5 लाख रुपये, यानी कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।

खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता से संबंधित खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आयोजक मंडल की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

चार दिनों तक चलने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता प्रदेशभर से आए स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना सीखने का अवसर भी मिलेगा।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp