16 करोड़ के लोन मामले में राजपाल यादव की बढ़ीं मुश्किलें, बैंक ने जब्त की दो संपत्तियां, 9 सितंबर को होगी नीलामी


मुंबई/शाहजहांपुर, 06 अगस्त 2026। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने वर्ष 2012 में लिए गए करीब 16 करोड़ रुपये के बकाया लोन की वसूली के लिए उनकी दो गिरवी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया है। बैंक ने इन संपत्तियों की 9 सितंबर 2026 को नीलामी तय की है।

जानकारी के अनुसार, यह लोन राजपाल यादव की फिल्म अता पता लापता के निर्माण के दौरान लिया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही, जिसके बाद वह निर्धारित समय पर कर्ज नहीं चुका सके। समय के साथ ब्याज जुड़ने से बकाया राशि बढ़कर 16 करोड़ रुपये से अधिक हो गई।

नीलामी के लिए चिन्हित संपत्तियों में शाहजहांपुर के कचहरी रोड स्थित एक संपत्ति और मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित एक संपत्ति शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.19 करोड़ रुपये आंकी गई है।

इस मामले पर अभिनेता के भाई श्रीपाल यादव ने कहा कि यह पुराना मामला है और बैंक के साथ समझौते (सेटलमेंट) की प्रक्रिया जारी है।

इससे पहले इसी लोन से जुड़े चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए तीन महीने की सजा और 1.05 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। उनकी पत्नी राधा यादव पर भी 5.51 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि, हाईकोर्ट ने सजा के अमल पर फिलहाल दो महीने की रोक लगा रखी है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो राजपाल यादव हाल ही में भूत बंगला और वेलकम टू द जंगल जैसी फिल्मों में नजर आए हैं। आने वाले समय में भी उनके कई बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स रिलीज होने वाले हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp