रेल यात्रियों से चोरी के जेवर खरीदने वाला नागपुर का सराफा कारोबारी गिरफ्तार, GRP ने 9 ग्राम सोना किया बरामद
बिलासपुर, 18 जून 2026. रेल यात्रियों के सामान और जेवरात चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय महिला गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में जीआरपी बिलासपुर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के सोने के जेवर खरीदने वाले नागपुर के एक सराफा कारोबारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 9 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 99 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
जीआरपी थाना बिलासपुर में दर्ज चोरी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में महिलाओं ने खुलासा किया कि चोरी किए गए सोने के जेवर नागपुर के एक ज्वेलर्स को बेचे गए थे।

महिला आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जीआरपी की टीम नागपुर पहुंची और जांच के बाद ज्वेलर्स संचालक सुनील काटोले को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने चोरी के जेवरों को गलाकर सोने के टुकड़ों में बदल दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोना जब्त किया है। बरामद सोने को मामले के अहम साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, पहले गिरफ्तार की गई महिला आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मामले में चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार सराफा कारोबारी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।











