राजनीति

मुंगेली को 465 करोड़ की सौगात, CM साय ने खोला विकास का पिटारा; किसानों को धान का 3100 रुपये भाव

77 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन की घोषणा; 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी


मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले 77 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक के 24 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 नए कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए धान खरीदी, ग्रामीण अधोसंरचना, पेयजल, सिंचाई और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

किसानों को 3100 रुपये में धान बेचने का मौका, 15 नवंबर से खरीदी

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने धान उत्पादक किसानों के लिए समर्थन मूल्य पर खरीदी की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा।

धान खरीदी की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष प्रदेश में 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में करीब 3100 केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान खरीदा जाएगा।

कृषक उन्नति योजना में प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए किसानों को निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। कम मात्रा में धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रता के अनुसार सहायता मिलेगी।

203 करोड़ की जल प्रदाय योजना, 143 करोड़ से बनेंगी सड़कें

मुंगेली जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सड़क और पेयजल परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। करीब 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

वहीं अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत 203 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया। जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 11 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।

कंतेली में कॉलेज, देवरी में बनेगी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका

मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाविद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

68 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 1000 रुपये

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

शिकायत के लिए 1076 हेल्पलाइन, सेवा सेतु से मिलेंगी सरकारी सेवाएं

मुख्यमंत्री ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आम नागरिक इस नंबर पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है।

उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की बात भी कही।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp