Mahadev Betting App पर CBI का बड़ा एक्शन; 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर छापे; लाइव पैनल और हवाला नेटवर्क का खुलासा
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद एक्शन, म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के मिले सुराग; डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज जब्त

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के अवैध कारोबार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीबीआई ने छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में जांच एजेंसी को कई जगहों पर लाइव ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले। सीबीआई ने इन पैनलों को बंद कराया और मौके से डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन तथा आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
जांच एजेंसी की इस कार्रवाई ने महादेव सट्टा एप के उस नेटवर्क की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं, जिसके जरिए विदेश में बैठकर भारत के अलग-अलग राज्यों में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार संचालित किए जाने का आरोप है। सीबीआई को जांच के दौरान म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं।
विदेश में हेड ऑफिस, भारत में फैला था पैनल ऑपरेटरों का जाल
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक का मुख्य संचालन विदेश स्थित हेड ऑफिस के जरिए किया जा रहा था। भारत के अलग-अलग शहरों में फ्रेंचाइजी आधारित पैनल ऑपरेटरों का नेटवर्क तैयार किया गया था। ये ऑपरेटर ग्राहकों को सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराते और उनके लेनदेन का प्रबंधन करते थे।
जांच एजेंसी के मुताबिक, सट्टे से हासिल रकम को छिपाने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों यानी म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल किया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के जरिए रकम को आगे पहुंचाने का भी खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान बरामद दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य अब जांच का अहम हिस्सा होंगे।
6 राज्यों के इन शहरों में हुई कार्रवाई
सीबीआई की छापेमारी अलग-अलग राज्यों में फैले पैनल ऑपरेटरों और नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर की गई। सामने आई जानकारी के अनुसार, अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर सहित कई शहरों में कार्रवाई हुई। जांच एजेंसी अब जब्त किए गए मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और दस्तावेजों की पड़ताल कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद खुल रहे राज
महादेव सट्टा एप मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाया गया था। इसके बाद सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया था। आठ दिन की सीबीआई हिरासत समाप्त होने के बाद 12 नवंबर को उसे विशेष अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने आगे रिमांड नहीं मांगी, जिसके बाद अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रायपुर केंद्रीय जेल भेजने का आदेश दिया।
इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अलग से कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया। रायपुर की विशेष PMLA अदालत ने ईडी को 19 नवंबर तक सात दिनों की हिरासत में पूछताछ की अनुमति दी है। अब ईडी उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल रिकॉर्ड, विदेशी कंपनियों और कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ कर रही है।
2000 करोड़ रुपये फ्रीज, 3500 करोड़ की संपत्तियां अटैच
महादेव सट्टा एप मामले में ईडी भी लंबे समय से जांच कर रही है। एजेंसी अब तक देशभर में करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ले चुकी है। जांच के दौरान करीब 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज किए जाने और लगभग 3500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईडी की जांच का दायरा केवल सट्टेबाजी के कारोबार तक सीमित नहीं है। एजेंसी कथित तौर पर इस नेटवर्क से अर्जित रकम, उसके विदेश में निवेश, बैंक खातों और हवाला के जरिए हुए लेनदेन की भी जांच कर रही है। सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और सीबीआई की ताजा छापेमारी के बाद अब इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और संभावित सहयोगियों की भूमिका भी जांच के केंद्र में है।
