जहरीली शराब कांड के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट! 24 घंटे चेकिंग, बॉर्डर से लेकर ढाबों तक आबकारी का शिकंजा

सागर की घटना के बाद सरकार सख्त; अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री पर प्रदेशभर में विशेष अभियान, लापरवाही पर अफसर-कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई


रायपुर, 9 सितंबर 2026। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से जुड़ी दुखद घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी आबकारी विभाग को पूरी तरह अलर्ट कर दिया है। प्रदेश में अवैध और जहरीली शराब के कारोबार के खिलाफ अब 24 घंटे सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।

रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय सीमाओं और चेकपोस्टों से लेकर होटल, ढाबों और संदिग्ध ठिकानों तक आबकारी विभाग की टीमें निगरानी और जांच करेंगी। अवैध शराब के निर्माण, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमों को मैदान में उतारा गया है।

बॉर्डर पर नाकाबंदी, 24 घंटे वाहनों की जांच

सचिव वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग की अध्यक्षता में 9 सितंबर को हुई उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक के बाद विभाग ने प्रदेशभर के मैदानी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और हवाई अड्डों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। बाहर से आने वाली अवैध शराब की खेप को राज्य में प्रवेश करने से रोकने के लिए वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।

हर जिले में Special Task Team, संदिग्ध ठिकानों पर दबिश

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को और तेज करने के लिए प्रत्येक जिले में उड़नदस्ते के अतिरिक्त Special Task Team गठित की गई है। ये टीमें अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े संभावित ठिकानों पर नजर रखेंगी। वन क्षेत्रों, नदी-नालों और दूसरे संवेदनशील इलाकों में अवैध कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सर्च अभियान भी चलाया जाएगा।

मदिरा दुकानों से ढाबों तक जांच

सरकारी मदिरा दुकानों की भी सघन जांच होगी। देशी और विदेशी शराब में नॉन-ड्यूटी पेड (NDP), लीकेज और मिलावटी मदिरा की औचक जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही होटल, ढाबों और अवैध अहातों पर दबिश देकर जब्ती की कार्रवाई तेज की जाएगी।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

स्पिरिट सिंडिकेट पर भी नजर

विभाग ने अवैध स्पिरिट के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की है। अधिकारियों को अवैध स्पिरिट के Source of Origin का पता लगाने और आपूर्ति श्रृंखला तक पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यानी सिर्फ शराब बेचने वालों तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध शराब के पीछे मौजूद सप्लाई नेटवर्क और स्रोत को भी जांच के दायरे में लाया जाएगा।

14405 पर करें शिकायत, मनपसंद ऐप से भी सूचना

आबकारी विभाग ने आम लोगों से भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की सूचना विभाग के टोल-फ्री नंबर 14405 और ‘मनपसंद ऐप’ के माध्यम से दी जा सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि शराब की खरीद केवल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित अधिकृत मदिरा दुकानों से ही करें।

रोज होगी मॉनिटरिंग, दोपहर 12 बजे तक रिपोर्ट

प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय उड़नदस्ता के प्रभारी अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी सभी जिलों और संभागों से कार्रवाई की जानकारी जुटाकर प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक समेकित रिपोर्ट आबकारी आयुक्त को सौंपेंगे।

लापरवाही मिली तो अफसरों पर गिरेगी गाज

आबकारी आयुक्त ने साफ कर दिया है कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सागर की घटना के बाद छत्तीसगढ़ में बढ़ी सतर्कता

पड़ोसी राज्य में जहरीली शराब से जुड़ी घटना के बाद छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग का यह अभियान इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं से अवैध शराब की तस्करी रोकना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। अब बॉर्डर चेकपोस्ट से लेकर शहरों के संदिग्ध ठिकानों तक निगरानी बढ़ाकर अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रहार करने की तैयारी है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp