Ind vs SL: गॉल टेस्ट में भारत की शानदार जीत, श्रीलंका को 165 रनों से चटाई धूल, सुथार ने खोला पंजा

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया। मैच के आखिरी दिन दूसरे सत्र में भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से मात दे दी। मेहमान टीम ने श्रीलंका के सामने चौथी पारी में जीतने के लिए 372 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। जवाब में मेजबान टीम की पारी 206 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में मानव सुथार ने पंजा खोला और 6 विकेट झटके, प्रसिद्ध कृष्णा दो, मोहम्मद सिराज और रवीन्द्र जडेजा के खाते में एक-एक विकेट आया। मैच के आखिरी दिन श्रीलंका के 6 विकेट गिरे।
मैच के चौथे दिन की बात करें तो भारत ने मुकाबले पर शिकंजा कस लिया था और श्रीलंका के चार विकेट खेल समाप्त होने से पहले निकाल लिए थे। जीत के लिए चौथी पारी में 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करना श्रीलंका के लिए बेहद मुश्किल हो गया था। बाएं हाथ के स्पिनर सुथार ने एक बार फिर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाते हुए दो अहम विकेट हासिल किए थे। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को भी एक-एक सफलता मिली। आखिरी दिन मानव सुथार ने कमाल की गेंदबाजी की और 6 विकेट अपने नाम किए।
भारत को मिली थी 178 रनों की बढ़त
जानकारी के लिए बता दें कि, दूसरी पारी भारत के लिए अच्छी नहीं रही थी और टीम इंडिया 193 रन ही बना सकी थी। पहली पारी में मिली 178 रनों की बढ़त के आधार पर श्रीलंका को चौथी पारी में 372 रनों का टारगेट दिया था। दूसरी पारी में भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल 44, केएल राहुल 35 और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 66 रनों का योगदान दिया था। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो 4, प्रभात जयसूर्या 3, लाहिरू कुमारा 2 और केसरा नुवांथा के खाते में एक विकेट आया।
पडिक्कल ने खेली थी शतकीय पारी
मैच की पहली पारी में भारत ने शानदार खेल दिखाया था। देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल और ध्रुव जुरेल की पारियों के दम पर स्कोर बोर्ड पर 462 रन लगाए थे। पडिक्कल ने अपने करियर का पहला 167 रनों का शानदार शतक लगाया था। इसके अलावा ओपनर केएल राहुल 82 और जुरेल ने 51 रनों की दमदार पारी खेली थी। पंत को बेहतरीन शुरुआत मिली थी लेकिन अपनी ख्याति के अनुरूप पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में 39 रनों पर अपना विकेट गंवा बैठे थे।
पहली पारी में श्रीलंका 284 पर ढेर
पहली पारी में श्रीलंका की बात की जाए तो सोनल दिनुशा ने बेहतरीन खेल दिखाया था और 100 रनों की दमदार पारी खेली थी। इसके अलावा निरोसन डिकवेला ने 80 रन बनाए थे। इन दोनों श्रीलंकाई बल्लेबाजों को छोड़कर अन्य कोई खिलाड़ी बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हुआ। श्रीलंका की टीम पहली पारी में 284 रनों पर ढेर हो गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 178 रनों की बड़ी बढ़त मिली थी। भारत की ओर से पहली पारी में मानव सुथार ने 4 विकेट झटके थे और इसके अलावा रवीन्द्र जडेजा 3, सिराज, प्रसिद्ध और कुलदीप यादव के खाते में एक-एक विकेट आया था।