मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान: गढ़फुलझर के नानकसागर के विकास के लिए देंगे एक करोड़ रुपये, अंबेडकर भवन और उद्यान भी बनेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक गुरुद्वारे में टेका मत्था, बोले- आस्था, अध्यात्म और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनेगा गढ़फुलझर; अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान भी बनेगा

रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े ऐतिहासिक स्थल गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन और सामाजिक समरसता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को बसना विकासखंड के गढ़फुलझर स्थित नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में आयोजित विशेष कीर्तन समागम में यह घोषणा की। उन्होंने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने के साथ क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। इसके बाद उन्होंने शबद कीर्तन का श्रवण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर छत्तीसगढ़ की अनमोल आध्यात्मिक और ऐतिहासिक धरोहर है। सरकार इस स्थल को आस्था, अध्यात्म, सेवा और सामाजिक सद्भाव के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सुविधाओं से धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गढ़फुलझर की पहचान एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत होगी।
करीब 500 साल पुरानी स्मृतियों से जुड़ा है गढ़फुलझर
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। लगभग पांच शताब्दी पूर्व उनके आगमन की स्मृतियां आज भी गढ़फुलझर की पहचान का हिस्सा हैं। उन्होंने तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की श्रद्धा, उदारता और सद्भाव की परंपरा को दर्शाता है।
साय ने कहा कि गढ़फुलझर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित विभिन्न समुदायों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। इसे इस तरह विकसित किया जाएगा कि आने वाली पीढ़ियां भी यहां से सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा ले सकें।
गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का संदेश दिया। उनका आदर्श ‘सरबत दा भला’ पूरी मानवता के कल्याण की भावना को सामने रखता है। यह संदेश किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी लोगों के सुख और कल्याण की प्रेरणा देता है।
उन्होंने गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा को सामाजिक समानता और एकता का अनुपम उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लंगर में जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेद नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है, जो समाज को जोड़ने का काम करता है।
धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष पहचान देती हैं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से नानकसागर और गढ़फुलझर के विकास को गति मिलेगी तथा धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।