साइबर अपराध पर IG गर्ग का बड़ा एक्शन प्लान: हर थाने को रोज साइबर पोर्टल लॉगिन का आदेश, ठगी की रकम जल्द होगी वापस
फर्जी SIM से लेकर म्यूल अकाउंट तक पर कसेगा शिकंजा, 15 दिन पुराने बैंक होल्ड मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बिलासपुर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को लेकर बिलासपुर रेंज पुलिस अब और ज्यादा आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। आईजी राम गोपाल गर्ग ने रेंज के सभी पुलिस थानों को साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सामान्य थानों को रोजाना नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर लॉगिन करने और पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों को उसी दिन स्वीकार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में साइबर थानों और साइबर सेल के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित साइबर शिकायतों, दर्ज FIR, बैंक में होल्ड ठगी की रकम, फर्जी SIM और म्यूल अकाउंट से जुड़े मामलों की स्थिति जानी गई।
फर्जी SIM बेचने वालों पर सीधे FIR और गिरफ्तारी
आईजी ने निर्देश दिया कि फर्जी या संदिग्ध SIM एक्टिवेट करने वाले POS एजेंटों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाए। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त म्यूल अकाउंट की सूची पर भी तत्काल कार्रवाई कर अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।
ठगी की रकम पीड़ितों को जल्द लौटाने पर फोकस
साइबर ठगी के बाद बैंक खातों में होल्ड कराई गई रकम को पीड़ितों तक जल्द पहुंचाने के लिए भी आईजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
15 दिन से ज्यादा पुराने बैंक होल्ड मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और धारा 106 के तहत कोर्ट आदेश की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। आईजी ने स्पष्ट किया कि बैंकों से समन्वय के दौरान पुलिस स्तर पर किसी भी तरह की रिक्वेस्ट लंबित नहीं रहनी चाहिए।
फ्रॉड में इस्तेमाल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट होंगे ब्लॉक
साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर, IP एड्रेस, WhatsApp और Telegram अकाउंट को प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसकी मासिक प्रगति रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजना अनिवार्य होगा।
गिरफ्तार साइबर आरोपियों का पूरा रिकॉर्ड होगा ऑनलाइन
साइबर अपराध में गिरफ्तार आरोपियों का पूरा विवरण, फिंगरप्रिंट और FIR की स्थिति ‘समन्वय पोर्टल’ पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही पंजीकृत साइबर वालंटियर्स का सत्यापन जल्द पूरा कर स्थानीय युवाओं को साइबर जागरूकता अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
IG ने कहा- साइबर अपराध की रफ्तार से तेज हो पुलिस की कार्रवाई
आईजी राम गोपाल गर्ग ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, इसलिए पुलिस की कार्रवाई भी उतनी ही तेज और तकनीक आधारित होनी चाहिए। उन्होंने सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि साइबर ठगी के मामलों का जल्द निराकरण हो और पीड़ितों को समय पर राहत मिल सके।
