IG रामगोपाल गर्ग की सख्ती से आम जनता को राहत: पासपोर्ट पुलिस वेरिफिकेशन में बड़ा बदलाव, अब 15 दिन में होगा पासपोर्ट वेरिफिकेशन
बिलासपुर, 1 मई 2026। आम जनता को राहत देते हुए पुलिस विभाग ने पासपोर्ट वेरिफिकेशन प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब लोगों को थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि पुलिस सिर्फ 15 दिनों के भीतर पासपोर्ट वेरिफिकेशन पूरा करेगी।
इस संबंध में रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के एसपी की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने साफ कहा कि अब पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर काम तय समयसीमा में पूरा करना होगा।

IG गर्ग का फोकस: जनता को राहत, सिस्टम ऑनलाइन
IG गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन सिस्टम से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को बार-बार थाने बुलाने की जरूरत न पड़े। भौतिक सत्यापन के नाम पर होने वाली अनावश्यक परेशानियों पर रोक लगाने को कहा गया।
लंबित मामलों पर सख्ती
बैठक में IG ने रेंज में लंबित 2374 मर्ग मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने खासतौर पर 2024 से पहले के मामलों को तत्काल निपटाने के निर्देश दिए।
गंभीर अपराधों जैसे हत्या के मामलों में DNA जांच और FSL रिपोर्ट को प्राथमिकता देने को कहा गया, ताकि जांच में देरी न हो।

हाईवे पेट्रोलिंग और सुरक्षा पर जोर
IG गर्ग ने हाईवे पेट्रोलिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही माइनिंग क्षेत्रों में काम करने वाले बाहरी मजदूरों की एंट्री और मूवमेंट का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य किया गया।
दूसरे राज्यों में दबिश के दौरान पुलिस टीमों को तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
सुशासन तिहार पर अलर्ट
1 मई से 10 जून तक चलने वाले सुशासन तिहार को लेकर IG ने कहा कि इस दौरान आने वाली हर शिकायत का टॉप प्रायोरिटी पर समाधान किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में रायगढ़, मुंगेली, कोरबा और सक्ती सहित रेंज के सभी जिलों के एसपी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, IG रामगोपाल गर्ग के सख्त निर्देशों के बाद अब पुलिस व्यवस्था में तेजी और पारदर्शिता आने की उम्मीद है, जिससे आम जनता को सीधा फायदा मिलेगा।










