रायपुर प्रेस क्लब में आज महाबहस; PM आवास पर आज आर-पार….भूपेश बघेल और विजय शर्मा आमने-सामने, आंकड़ों की जंग में कौन पड़ेगा भारी?


रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की सियासत में PM आवास योजना को लेकर लंबे समय से चल रही बयानबाजी अब सीधे आमने-सामने की बहस में बदलने जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज रायपुर प्रेस क्लब में एक ही मंच पर होंगे। दोनों नेताओं के बीच दोपहर 12 बजे PM आवास योजना को लेकर सीधी बहस होगी।

इस बहस को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासा उत्साह है। वजह साफ है—एक तरफ कांग्रेस सरकार पर PM आवास के आंकड़ों को लेकर सवाल उठा रही है, तो दूसरी ओर भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में स्वीकृत और पूर्ण किए गए आवासों के आंकड़े सामने रख रही है। अब नजर इस बात पर है कि बहस में किसके आंकड़े भारी पड़ते हैं और कौन किसके दावों की काट पेश करता है।

विजय शर्मा ने दी थी खुली बहस की चुनौती

PM आवास योजना को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठाती रही है। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश में 18 लाख PM आवास बनाने का लक्ष्य सामने रखा था। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार सरकार पर निशाना साधते रहे हैं।

इसी बीच उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भूपेश बघेल को खुली बहस की चुनौती दी थी। शर्मा ने कहा था कि PM आवास के मुद्दे पर वे भूपेश बघेल से कहीं भी चर्चा के लिए तैयार हैं। बहस का मंच और विषय तय करने की जिम्मेदारी उन्होंने प्रेस क्लब पर छोड़ दी थी।

बघेल ने स्वीकार की चुनौती, तय हुआ आमने-सामने का मंच

विजय शर्मा की चुनौती को भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया। बघेल ने कहा कि वे 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में PM आवास के मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के अन्य नेता भी इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं।

अब चुनौती स्वीकार होने के बाद आज दोनों नेता एक ही मंच पर अपने-अपने दावे और आंकड़े लेकर पहुंच रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बहस से पहले विजय शर्मा ने जारी किए आंकड़े

आमने-सामने की बहस से ठीक पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से PM आवास योजना से जुड़े आंकड़े जारी किए गए हैं। दस्तावेज के मुताबिक, 18 लाख आवासों के लक्ष्य से जुड़े विभिन्न घटकों को मिलाकर कुल 18,12,742 आवास शामिल हैं।

जारी आंकड़ों के अनुसार:

  • नई सरकार के गठन के बाद 13,17,352 आवास स्वीकृत किए गए।
  • इनमें से 11,51,431 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
  • वर्ष 2016 से 2023 तक शेष रहे अधूरे आवासों की संख्या 2,46,215 बताई गई है।
  • इनमें से 1,95,441 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

स्थायी प्रतीक्षा सूची के आंकड़े भी सामने

दस्तावेज में स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल परिवारों के लिए 6,99,438 आवास का विवरण दिया गया है। इनमें से 5,86,788 आवास नई सरकार के गठन के बाद स्वीकृत किए गए, जबकि 4,69,782 आवास पूर्ण होने का दावा किया गया है।

इसके अलावा आंकड़ों में आवास प्लस के तहत 8,19,999 परिवार और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 47,090 आवास का भी उल्लेख है।

प्रेस क्लब में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भूपेश बघेल और विजय शर्मा के आमने-सामने होने को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। प्रेस क्लब परिसर के साथ आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस बल तैनात किया गया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आज की बहस में किसका पलड़ा भारी रहेगा? क्या विजय शर्मा के आंकड़े कांग्रेस के आरोपों की काट बनेंगे या भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल और PM आवास से जुड़े अपने आंकड़ों के जरिए सरकार को घेरेंगे?

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp