CM साय समेत दोनों डिप्टी CM पर अश्लील टिप्पणी का मामला! इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर FIR, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा को लेकर इंस्टाग्राम पर प्रसारित एक वीडियो और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों ने राजधानी में सियासी हलचल बढ़ा दी है। मामले को लेकर रायपुर के वीरेंद्र दुबे ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर प्रसारित वीडियो में संवैधानिक पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
शिकायत के मुताबिक वीडियो ‘सागर निर्मलकर’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया था। वहीं शिकायत में @quail.3131469 नाम की आईडी से कथित तौर पर बेहद आपत्तिजनक गालियां और टिप्पणियां किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
वीरेंद्र दुबे ने पुलिस से वीडियो और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आईटी कानून और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की है।
‘आलोचना हो, लेकिन गाली-गलौज नहीं’
शिकायतकर्ता ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार और जनप्रतिनिधियों की आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर अश्लील भाषा, व्यक्तिगत अपमान और गाली-गलौज को उचित नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर प्रदेश सरकार और सरकार से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है।
नई दिल्ली के आंदोलन के बाद सुनियोजित अभियान का आरोप
वीरेंद्र दुबे ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि विशेष रूप से नई दिल्ली में हुए आंदोलन के बाद छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया के जरिए सरकार और वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाने का सिलसिला तेज हुआ है।
उन्होंने इसे प्रदेश के सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाला प्रयास बताते हुए पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है।
अब पुलिस खंगालेगी वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट
सिविल लाइन पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट, वीडियो, कमेंट और पोस्ट की तकनीकी जांच के साथ यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित पोस्ट और टिप्पणियां किसने कीं और उनका आपस में क्या संबंध है।
