कोयला घोटाला: ACB-EOW ने पेश किया 6वां पूरक चालान, करीब 9 हजार पन्नों में 12 आरोपियों के नाम

रायपुर। बाजार से अधिक कीमत पर कोयला खरीद से जुड़े कथित घोटाला मामले में ACB-EOW ने छठा पूरक चालान पेश किया है। जानकारी के मुताबिक करीब 9 हजार पन्नों के इस चालान में 12 आरोपियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। चालान फिलहाल पेन ड्राइव के जरिए अदालत में पेश किया गया है।
बचाव पक्ष के वकील फैसल रिजवी के मुताबिक EOW ने चालान की सामग्री पेन ड्राइव के माध्यम से उपलब्ध कराई है। उनका कहना है कि अभी दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण नहीं किया गया है, इसलिए चालान में शामिल गवाहों और आरोपों की पूरी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
वकील के मुताबिक मामले से जुड़े कई लोगों को समन मिल चुका है, जबकि कुछ को अभी समन मिलना बाकी है। पेन ड्राइव में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच के बाद ही आरोपों और गवाहों की स्थिति साफ हो सकेगी।
अंतरिम नहीं, छठा पूरक चालान
बचाव पक्ष ने स्पष्ट किया कि EOW की ओर से पेश किया गया यह अंतरिम चालान नहीं, बल्कि पूरक चालान है। अब दस्तावेजों के परीक्षण के बाद इसमें शामिल आरोपों, गवाहों और अन्य साक्ष्यों की तस्वीर सामने आएगी।
छठे पूरक चालान के पेश होने के बाद मामले में अदालत की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। करीब 9 हजार पन्नों के इस दस्तावेज में क्या नए तथ्य और साक्ष्य शामिल हैं, इसका खुलासा बचाव पक्ष द्वारा सामग्री का परीक्षण किए जाने के बाद ही स्पष्ट होगा।
