CJP ने घोषित की राष्ट्रीय टीम, अभिजीत दीपके बने राष्ट्रीय संयोजक; सौरव दास और आशुतोष रांका को सह-संयोजक, फिलहाल राजनीतिक दल नहीं बनेगी CJP

नई दिल्ली। संगठन को देशभर में मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी 12 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है, जबकि सौरव दास और आशुतोष रांका को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह घोषणा दो दिवसीय बैठक के समापन के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई।
ये हैं राष्ट्रीय टीम के प्रमुख पदाधिकारी
राष्ट्रीय कार्यसमिति में इन पदों पर नियुक्तियां की गई हैं—
- अभिजीत दीपके – राष्ट्रीय संयोजक
- सौरव दास – सह-संयोजक एवं मुख्य प्रवक्ता
- आशुतोष रांका – सह-संयोजक एवं प्रवक्ता
- अजिंक्य शिंदे – राष्ट्रीय संगठन प्रभारी
- दीपक बालियान – संगठन सह-प्रभारी
- आफरीन नवाज – राष्ट्रीय सचिव
- विजय रेड्डी मल्लांगी – मीडिया प्रमुख
- रत्ना सिंह – कानूनी मामलों की प्रमुख
- वैष्णवी गौड़ – शोध एवं नीति प्रमुख
- रोहन देशपांडे – प्रौद्योगिकी प्रमुख
- योगेश इंगले – वित्त प्रमुख
इसके अलावा संगठन ने उत्तर, दक्षिण, पूर्व-पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत के लिए क्षेत्रीय नेतृत्व की भी जिम्मेदारियां तय की हैं।
अभी राजनीतिक दल नहीं बनेगी CJP
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि फिलहाल CJP को राजनीतिक दल में परिवर्तित नहीं किया जाएगा। संगठन चुनाव लड़ने के बजाय जमीनी स्तर पर जनसरोकार के मुद्दों पर काम करेगा और एक प्रेशर ग्रुप के रूप में अपनी गतिविधियां जारी रखेगा।
देशभर में चलेगा सदस्यता अभियान
CJP ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से सदस्यता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। संगठन ने छात्रों, युवाओं और कामकाजी वर्ग से जुड़ने की अपील की है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी प्रकार का चंदा या धन संग्रह नहीं कर रहा है और लोगों से किसी भी फर्जी मांग से सतर्क रहने को कहा है।
