Trending

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: EOW-ACB की बड़ी कार्रवाई, वेलकम-भाटिया डिस्टलरी पर कसा शिकंजा, 16 गाड़ियां जब्त


रायपुर, 31 मार्च 2026. छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। सोमवार को बिलासपुर और मुंगेली जिलों में संयुक्त कार्रवाई के दौरान एजेंसी ने 16 वाहनों को जब्त किया, जिनका इस्तेमाल डिस्टलरियों से सरकारी शराब दुकानों तक अवैध शराब पहुंचाने में किया जा रहा था।

जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत की गई है, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। जांच के दौरान कोटा (बिलासपुर) स्थित वेलकम डिस्टलरी और सरगांव (मुंगेली) स्थित भाटिया वाइंस डिस्टलरी से 8-8 वाहन जब्त किए गए।

डिस्टलरी से सीधे दुकानों तक सप्लाई
विवेचना में सामने आया है कि अवैध शराब (पार्ट-बी) का परिवहन सीधे डिस्टलरियों से चयनित शासकीय देशी शराब दुकानों तक किया जाता था। इसके लिए कुछ तय वाहनों का बार-बार उपयोग किया जा रहा था, जिसकी पुष्टि डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों के साथ गवाहों के बयानों से हुई है।

कंपनियों और कर्मचारियों के नाम पर गाड़ियां
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस अवैध नेटवर्क को संचालित करने के लिए डिस्टलरी मालिकों ने अपनी कंपनियों, कर्मचारियों और भरोसेमंद लोगों के नाम पर वाहन खरीदे या उपलब्ध कराए थे। इन्हीं वाहनों के जरिए लंबे समय से अवैध परिवहन किया जा रहा था।

केडिया डिस्टलरी पर भी जांच जारी
मामले की जांच के दौरान केडिया डिस्टलरी का नाम भी सामने आया है, जहां निजी वाहनों के उपयोग की बात सामने आई है। इन वाहनों के स्वामित्व और उपयोग को लेकर अलग से जांच की जा रही है।

EOW-ACB ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है और जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें
होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp