CG-कांग्रेस नेता गिरफ्तार: “मुझे जीने नहीं दिया…” लिखकर युवक ने लगाईं फांसी, पैसों के लिए प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
भिलाई, 31 मार्च 2026. दुर्ग जिले के भिलाई स्थित कोहका हाउसिंग बोर्ड इलाके में रहने वाले 42 वर्षीय मोहन रामटेके की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, 28 मार्च को मोहन रामटेके ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसने पूरे मामले की वजह स्पष्ट कर दी।

सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
मृतक मोहन रामटेके ने अपने सुसाइड नोट में कांग्रेस नेता राजू पाल और एक महिला पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। उसने लिखा कि दोनों आरोपी उसे लगातार पैसों के लिए दबाव बना रहे थे और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे, जिससे वह पूरी तरह टूट चुका था।
उधारी के पैसे बने मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहन ने राजू पाल और एक महिला से कुछ पैसे उधार लिए थे। उधारी की रकम वापस मांगने को लेकर दोनों उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इसी मानसिक दबाव के चलते मोहन ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

जांच के बाद FIR, आरोपी गिरफ्तार
स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच की। सुसाइड नोट और गवाहों के बयानों की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले की दूसरी आरोपी महिला की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका
घटना के दिन मोहन की मां का अस्पताल में ऑपरेशन होना था, लेकिन सुबह घर में उसकी लाश मिलने से परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने इस एंगल पर भी जांच की, हालांकि फिलहाल हत्या जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेन-देन और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा है, और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।










