CG Viral Video: स्कूल में चिकन-शराब पार्टी का वीडियो वायरल, 4 शिक्षकों समेत 5 कर्मचारियों को नोटिस

सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित किरारी हाई स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ शिक्षक टेबल पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्कूल परिसर में कथित पार्टी का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर खाने-पीने की व्यवस्था और शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं। जिस परिसर में विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार दिए जाते हैं, वहां शिक्षकों की इस कथित हरकत से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
4 व्याख्याताओं समेत 5 कर्मचारियों को नोटिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं नरेंद्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू, दिनेश चक्रधारी तथा अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी से निर्धारित समय में जवाब मांगा गया है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
शिक्षा विभाग ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।