CG-कांकेर में मादा भालू का तांडव: भाई-बहन समेत 3 ग्रामीणों की मौत, शवों को नोचती रही भालू
शावक की मौत के बाद आक्रामक हुई मादा भालू, वन विभाग की टीम पर भी किया हमला; विशेषज्ञों ने किया रेस्क्यू
कांकेर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मादा भालू के हमले ने बुधवार को दहशत फैला दी। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला और गवरसिल्ली गांव में हुए दो अलग-अलग हमलों में भाई-बहन समेत तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद मादा भालू लंबे समय तक मृतकों के शवों के पास डटी रही और उन्हें नोचती रही।
खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, लारगांव मरकाटोला गांव में हलालखोर जुर्री (45), उनकी बहन चमरीन जुर्री (40) और सोरिन जुर्री (30) खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में हलालखोर जुर्री और चमरीन जुर्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोरिन जुर्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी घटना गवरसिल्ली गांव में हुई, जहां भालू के हमले में एक महिला की जान चली गई। इस तरह दोनों घटनाओं में कुल तीन लोगों की मौत हो गई।
शवों के पास डटी रही मादा भालू
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला करने के बाद भी मादा भालू शवों के पास काफी देर तक मौजूद रही और उन्हें नोचती रही। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भालू के अत्यधिक आक्रामक व्यवहार के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। इस दौरान भालू ने वन विभाग की टीम के वाहन पर भी हमला कर दिया।
शावक की मौत के बाद हुई आक्रामक
ग्रामीणों का कहना है कि मंगलवार को मादा भालू के शावक की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह असामान्य रूप से आक्रामक हो गई थी। पूर्व सरपंच अन्नपूर्णा ठाकुर ने बताया कि भालू अपने मृत शावक के साथ गांव के आसपास घूम रही थी और इसकी सूचना पहले ही वन विभाग को दे दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। हालांकि वन विभाग का कहना है कि शावक की प्राकृतिक मौत हुई थी।
विशेषज्ञ टीम ने किया रेस्क्यू
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मादा भालू की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। रायपुर से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम ने उसे ट्रैंक्विलाइज़ कर बेहोश किया और सुरक्षित पिंजरे में बंद कर रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आक्रोश में भालू पर डंडों से हमला भी कर दिया।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल और वन क्षेत्रों के आसपास अकेले नहीं जाने तथा सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही शावक की मौत और मादा भालू के असामान्य व्यवहार के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

