CG-मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा था 440 किलो गांजा, 2.40 करोड़ का माल जब्त…जशपुर में गांजे की सबसे बड़ी खेपों में कार्रवाई

जशपुर। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। मामले में उत्तरप्रदेश के प्रयागराज निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक भी जब्त किया गया है। कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये का माल जब्त हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोका गया।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34) बताया। दोनों प्रयागराज, उत्तरप्रदेश के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने वाहन में मिर्ची की बोरियां लोड होने और इसे ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाने की जानकारी दी।
संदेह होने पर पुलिस ने वाहन में लदे सामान की बारीकी से जांच शुरू की। ऊपर मिर्ची की बोरियां रखी थीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाया तो नीचे रखी बोरियों में टेप से लिपटे पैकेट दिखाई दिए।
14 बोरियों में मिले 440 पैकेट
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध पैकेटों की जांच की। पैकेट खोलने पर उनमें गांजा मिला। जांच के दौरान 14 बोरियों में कुल 440 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 440.63 किलोग्राम निकला।
आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
2.20 करोड़ का गांजा, 20 लाख का ट्रक
पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जब्ती हुई है।
ओडिशा से प्रयागराज पहुंचाई जानी थी खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाया जा रहा था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा किससे खरीदा गया था और उत्तरप्रदेश में इसे किसके पास पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने मामले में एंड-टू-एंड विवेचना शुरू कर दी है। तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
2026 में अब तक 1906 किलो गांजा जब्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।
ऑपरेशन आघात के तहत कार्रवाई जारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, एएसआई संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
