CG-महापुरुषों की प्रतिमाओं को लेकर सरकार सख्त: अब हर मूर्ति की होगी निगरानी, गंदगी-पोस्टर और अतिक्रमण पर रोक

बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं की गरिमा, सुरक्षा और रखरखाव को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 19 अगस्त 2026 को जारी परिपत्र के तहत अब प्रदेश के सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं की सूची तैयार कर उनके संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी तय करनी होगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रतिमाओं का नियमित निरीक्षण कराया जाएगा। जरूरत के अनुसार उनकी सफाई, धुलाई, पेंटिंग और पालिशिंग कराई जाएगी। प्रतिमा स्थल के आसपास भी स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य होगा।
पोस्टर-बैनर और अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक
प्रतिमा स्थलों के आसपास कचरा फेंकने, अतिक्रमण करने, अनावश्यक पोस्टर-बैनर और विज्ञापन लगाने पर रोक रहेगी। इसके अलावा अनधिकृत निर्माण और अवैध पार्किंग को भी अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बाड़ और रेलिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। चबूतरे, फर्श, चारदीवारी, टाइल्स, सीढ़ियों और रेलिंग में टूट-फूट होने पर आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाएगी। परिसर का रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
हर प्रतिमा पर लगेगी परिचय पट्टिका
शासन ने प्रत्येक प्रतिमा के पास संबंधित महापुरुष की जानकारी देने वाली परिचय पट्टिका लगाने के निर्देश दिए हैं। पुरानी या क्षतिग्रस्त पट्टिकाओं को बदला जाएगा। रात के समय प्रतिमा स्पष्ट रूप से दिखाई दे, इसके लिए पर्याप्त विद्युत प्रकाश की व्यवस्था भी करनी होगी।
जयंती और पुण्यतिथि पर विशेष सजावट
महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रतिमा स्थलों की विशेष सफाई, सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए प्रत्येक नगरीय निकाय में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। साथ ही प्रतिमाओं के नियमित रखरखाव के लिए वार्षिक कार्ययोजना तैयार करना भी अनिवार्य होगा।
तीन महीने में देनी होगी रिपोर्ट
सभी नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र में स्थापित प्रतिमाओं की सूची, उनकी वर्तमान स्थिति और रखरखाव से जुड़ी जानकारी के साथ त्रैमासिक अनुपालन प्रतिवेदन क्षेत्रीय कार्यालय के संचालक को भेजना होगा।
शासन ने यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की है। इसका उद्देश्य महापुरुषों और महान विभूतियों की प्रतिमाओं की गरिमा बनाए रखने के साथ उनके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखना है।
