Bilaspur News; अरपा पार को निगम बनाने की मांग पर अब आर-पार की तैयारी, 1 सितंबर से आमरण अनशन

बिलासपुर। अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने की मांग अब आंदोलन के अगले चरण में पहुंच गई है। नागरिक सुरक्षा मंच ने सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने घोषणा की है कि मांग पूरी नहीं होने पर वे 1 सितंबर से आमरण अनशन शुरू करेंगे।
सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अमित तिवारी ने कहा कि अरपा पार क्षेत्र लगातार तेजी से विकसित हो रहा है। वर्तमान में यह इलाका नगर निगम के करीब 22 वार्डों में फैला हुआ है। आबादी और क्षेत्रफल बढ़ने के साथ सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है।
बढ़ती आबादी के लिए अलग निगम जरूरी
नागरिक सुरक्षा मंच का कहना है कि अरपा पार क्षेत्र के लगातार विस्तार को देखते हुए यहां की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान जरूरी है। मंच के अनुसार, अलग नगर निगम बनने से क्षेत्र के विकास की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं पर ज्यादा प्रभावी तरीके से काम किया जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री तक पहुंच चुकी है मांग
अलग नगर निगम की मांग को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच पहले ही केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंप चुका है। मंच के मुताबिक, इसके बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ शासन को पत्र भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई और निराकरण के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा अनशन
अमित तिवारी ने कहा कि अरपा पार क्षेत्र के लोग लंबे समय से अलग नगर निगम की मांग उठा रहे हैं। क्षेत्र के बढ़ते विस्तार और विकास की जरूरतों को देखते हुए अब सरकार को स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1 सितंबर से शुरू होने वाला आमरण अनशन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा।
नागरिक सुरक्षा मंच ने अरपा पार क्षेत्र के नागरिकों से आंदोलन में शामिल होने और इसे समर्थन देने की अपील की है। मंच का कहना है कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
