बिलासपुर में प्रतिनियुक्ति पर बड़ी कार्रवाई: DEO ऑफिस में सालों से जमे व्याख्याता अखिलेश तिवारी हटाए गए, भेजे गए स्कूल

रायपुर, 28 जुलाई 2026। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) व्यवस्था समाप्त करने के लिए इस बार दिखाई गई सख्ती अभूतपूर्व मानी जा रही है। वर्षों से विभिन्न कार्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत शिक्षकों को अब अनिवार्य रूप से अपने मूल विद्यालयों में लौटना पड़ रहा है। विभाग की इस कार्रवाई की सबसे अधिक चर्चा बिलासपुर जिले में हो रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रतिनियुक्ति बनाए रखने के लिए कई शिक्षकों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन विभाग द्वारा ‘ब्रेक इन सर्विस’ और वेतन रोकने जैसी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी के बाद अंततः सभी को अपने मूल पदस्थापना स्थल पर लौटना पड़ा।

इसी क्रम में बिलासपुर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय से प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार, व्याख्याता अखिलेश कुमार तिवारी की जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में चल रही प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है। अब उनकी पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चांटीडीह (विकासखंड बिल्हा) में की गई है।
बताया जा रहा है कि अखिलेश कुमार तिवारी लंबे समय से विभिन्न कार्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे और वर्षों से विद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य नहीं कर रहे थे। शिक्षा विभाग की नई नीति के तहत अब उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें मूल शैक्षणिक दायित्व निभाने के लिए विद्यालय भेजा गया है।
शिक्षा विभाग के इस कदम को सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और विद्यार्थियों को नियमित शिक्षण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अनावश्यक प्रतिनियुक्तियों को समाप्त कर शिक्षकों की विद्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
