अंतागढ़ में ड्यूटी पर जवान ने खुद को मारी गोली, सर्विस राइफल से किया सुसाइड; 28वीं बटालियन में मचा हड़कंप

अंतागढ़, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ से जवान की आत्महत्या का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात SSB जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना सोमवार तड़के करीब 5 बजे की बताई जा रही है। गोली चलने की आवाज के बाद कैंप में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक मृतक जवान आनंद प्रकाश तिवारी (41) SSB की 28वीं बटालियन कुहचे में तैनात था। वह कैंप में KOTH (हथियार प्रभारी) के इंचार्ज पद की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान ही जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने अधिकारियों को सूचना दी।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अभी तक मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या वजह थी, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है।
सुल्तानपुर का रहने वाला था जवान
मृतक जवान आनंद प्रकाश तिवारी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। जवान के साथियों और अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। आत्महत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
