CG-महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक, मोहल्ले में घेरकर बेरहमी से पीटा; सिर की चोट से मौत, 2 गिरफ्तार

रायगढ़, 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महिला मित्र से मिलने पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर मोहल्ले के लोगों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक के सिर, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में मौजूद राजू महंत, कृष्णा साव और धन्नू निषाद ने उसके वहां आने का विरोध किया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि तीनों युवकों ने शिवा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
जमीन पर पटक-पटककर पीटने का आरोप
आरोप है कि तीनों ने शिवा को जमीन पर पटक-पटककर पीटा। मारपीट में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। किसी तरह शिवा अपने घर पहुंचा, लेकिन उसकी हालत देखकर परिजन घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवा को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में सिर की चोट से मौत की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में चोट लगने से हुआ ‘हेमरेजिक शॉक’ बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जूटमिल पुलिस ने 12 सितंबर को हत्या का अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजू महंत और कृष्णा साव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
तीसरा आरोपी फरार, तलाश जारी
मामले में नामजद तीसरा आरोपी धन्नू निषाद अभी फरार बताया जा रहा है। जूटमिल पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। युवक की हत्या के पीछे विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
