छत्तीसगढ़ खबरें

CG- 19 DEO के खिलाफ बड़ी कार्रवाई; बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे, सरकार ने रोका वेतन, जानिए पूरा मामला…..

विद्या समीक्षा केंद्र एप पर शिक्षकों की उपस्थिति का ब्योरा नहीं देने पर कार्रवाई, बार-बार नोटिस के बावजूद नहीं दी जानकारी; 8 जिलों ने दोनों रिपोर्ट नहीं भेजीं


रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों की ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। विद्या समीक्षा केंद्र (VSK) एप के माध्यम से शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की निगरानी के लिए मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) का नवंबर 2026 का वेतन रोक दिया गया है। DPI ने आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।

संचालक लोक शिक्षण ऋतुराज रघुवंशी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बार-बार निर्देश और स्मरण पत्र जारी करने के बावजूद संबंधित जिलों के अधिकारियों ने निर्धारित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। विभाग ने इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही और उदासीनता मानते हुए कार्रवाई की है।

दो बार मांगी गई जानकारी, फिर भी नहीं जागे अधिकारी

DPI ने 8 अक्टूबर 2026 को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर उन शिक्षकों और कर्मचारियों का विवरण गूगल शीट में दर्ज करने के निर्देश दिए थे, जो VSK एप पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं। इसके लिए 3 नवंबर को स्मरण पत्र भी भेजा गया, लेकिन 17 जिलों से अपेक्षित जानकारी नहीं मिली।

इसी तरह 16 अक्टूबर को विभाग ने उन स्कूलों की जानकारी मांगी थी, जहां एक भी कार्यरत शिक्षक या कर्मचारी VSK एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहा है। 4 नवंबर को इस संबंध में दोबारा स्मरण पत्र जारी किया गया। इसके बावजूद 10 जिलों ने निर्धारित गूगल शीट में जानकारी दर्ज नहीं की।

आठ जिलों ने दोनों रिपोर्ट नहीं भेजीं

विभागीय आदेश के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए आठ जिले ऐसे हैं, जिन्होंने दोनों श्रेणियों की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। इनमें नारायणपुर, सरगुजा, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा शामिल हैं।

इन जिलों में विभाग द्वारा मांगी गई दोनों जानकारियां लंबित पाई गईं। इसे विभाग ने गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इन 19 जिलों के DEO का वेतन रोका

DPI की कार्रवाई में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, सरगुजा, कोरबा, मुंगेली सहित कुल 19 जिले शामिल हैं।

इनकी सूची इस प्रकार है:

  1. नारायणपुर
  2. सरगुजा
  3. कोंडागांव
  4. गरियाबंद
  5. जांजगीर-चांपा
  6. बलरामपुर-रामानुजगंज
  7. सूरजपुर
  8. धमतरी
  9. कोरबा
  10. दुर्ग
  11. कबीरधाम
  12. बस्तर
  13. मुंगेली
  14. सुकमा
  15. बालोद
  16. दंतेवाड़ा
  17. रायपुर
  18. मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर
  19. कोरिया

आचरण नियमों के उल्लंघन का मामला

DPI ने संबंधित अधिकारियों के रवैये को पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता माना है। आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लेख करते हुए इसे कदाचार की श्रेणी में रखा गया है।

आदेश की प्रतिलिपि सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला कलेक्टरों और कोषालय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp