जशपुर को 1.35 करोड़ के सामुदायिक भवन की सौगात, CM साय ने किया लोकार्पण; उत्तर जशपुर में नए भवन के लिए 30 लाख देने की घोषणा

Jashpur News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर शहर को बड़ी सौगात देते हुए 1 करोड़ 35 लाख 85 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित पंडित रामचंद्र पौराणिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। शहर के मध्य बने इस भवन में अब सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में एक नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सामुदायिक भवन का निर्माण शहरवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा। खासकर मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। अब विवाह, जन्मदिन, वर्षगांठ और दूसरे पारिवारिक आयोजनों के लिए महंगे निजी मैरिज हॉल या आयोजन स्थलों पर निर्भरता कम होगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे भवनों से लोगों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होने के साथ ही परिवारों पर होने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी घटेगा।
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का बनेगा केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। सामुदायिक भवन केवल कार्यक्रम आयोजित करने की जगह नहीं होते, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंचें। नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना तैयार की जा रही है।
उत्तर जशपुर में भी बनेगा नया सामुदायिक भवन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर जशपुर क्षेत्र में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे क्षेत्र के लोगों को भी सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी।
ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, अमर सुल्तानिया, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, सुनील गुप्ता और भरत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
