राजनीति

‘सौरभ चंद्राकर मेरा हीरो है’…महादेव सट्टा के आरोपी सौरभ चंद्राकर के मुरीद हुए अमित जोगी, जानिए तारीफ में क्या-क्या कहा?

Amit Jogi Saurabh Chandrakar Controversy: महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को अपना हीरो बताकर JCCJ नेता अमित जोगी ने नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।


Raipur News: छत्तीसगढ़ की सियासत में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के बयानों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को अपना ‘हीरो’ बताकर अमित जोगी ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। उनके इस बयान पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। शर्मा ने कहा कि अमित जोगी को अपने पिता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अमित जोगी मीडिया में बने रहने के लिए कुछ भी कहेंगे?

अमित जोगी ने एक वीडियो जारी कर महादेव सट्टा मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को अपना हीरो बताया। वीडियो में उन्होंने कहा कि सौरभ चंद्राकर उन लोगों के बीच जाकर बैठा है, जो राज करते हैं। अमित जोगी ने उसे आम छत्तीसगढ़ियों की तरह भोला-भाला और गुलाम नहीं बनने वाला व्यक्ति बताया।

महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर पर गंभीर आरोप हैं और जांच एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। ऐसे में अमित जोगी का उसे सार्वजनिक रूप से अपना हीरो बताना राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है।

विजय शर्मा का तीखा पलटवार, बोले- पिता की गरिमा का ध्यान रखें

अमित जोगी के बयान पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि अमित जोगी को अपने पिताजी की गरिमा का ध्यान रख लेना चाहिए। मीडिया में बने रहने के लिए क्या कुछ भी करेंगे? उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।

विजय शर्मा ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की राजनीति को इस स्तर तक नहीं गिरना चाहिए। उनके इस बयान के बाद अमित जोगी और भाजपा के बीच जुबानी टकराव की चर्चा तेज हो गई है।

पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर वीडियो से भी विवाद

यह पहला मौका नहीं है, जब अमित जोगी अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में आए हैं। इससे पहले उन्होंने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर एक व्यंग्यात्मक वीडियो पोस्ट किया था।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

वीडियो में दोनों से मिलते-जुलते मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया था। इसे ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ नाम दिया गया था। वीडियो में सांकेतिक शादी और हनीमून का दृश्य दिखाए जाने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

वीडियो हटाया, फिर सार्वजनिक रूप से मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया था। इसके बाद उन्होंने एक पोस्ट के जरिए अपने तरीके पर खेद जताते हुए माफी मांगी।

अमित जोगी ने स्वीकार किया था कि अपनी बात रखने का उनका तरीका उचित नहीं था। उन्होंने कहा था कि जिस संदेश को वह देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था। खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात रखना अलग है, लेकिन किसी के निजी रिश्तों और निजी स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे पार नहीं करना चाहिए। उन्होंने पोस्ट हटाने के साथ ही आहत लोगों से माफी भी मांगी।

एक के बाद एक बयान से चर्चा में अमित जोगी

पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े वीडियो विवाद के बाद अब सौरभ चंद्राकर को हीरो बताने वाले बयान ने अमित जोगी को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। एक तरफ उनके बयान पर भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है, वहीं दूसरी तरफ यह सवाल भी उठ रहा है कि महादेव सट्टा मामले के आरोपी को सार्वजनिक रूप से अपना आदर्श बताने के पीछे अमित जोगी का राजनीतिक संदेश क्या है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp