CG-खेल अकादमियों में एंट्री की कड़ी परीक्षा, 169 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम; चार खेलों में हुआ स्किल टेस्ट

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की खेल अकादमियों में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरा दमखम लगा दिया। रायपुर में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल अकादमी में प्रवेश के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल में 169 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वरिष्ठ प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता से लेकर खेल कौशल तक का बारीकी से परीक्षण किया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रायपुर स्थित विभिन्न गैर-आवासीय खेल अकादमियों में नवीन प्रवेश और नवीनीकरण के लिए यह चयन ट्रायल आयोजित किया गया।
अंतिम दिन चारों खेलों में पंजीकृत खिलाड़ियों का कौशल परीक्षण किया गया। इनमें हॉकी के 57, फुटबॉल के 57, तीरंदाजी के 23 और एथलेटिक्स के 32 खिलाड़ी शामिल रहे।
फुटबॉल में ड्रिबलिंग से लेकर मैच सेंस तक परीक्षा
फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए पासिंग, ड्रिबलिंग, व्यक्तिगत पोजीशन, मैच सेंस और पोजिशनिंग गेम को परीक्षण का हिस्सा बनाया गया। खिलाड़ियों की तकनीकी समझ और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता को भी परखा गया।
आर्चरी में निशाने की सटीकता पर फोकस
तीरंदाजी में खिलाड़ियों की ड्रॉ लेंथ, आई डोमिनेंस, पोस्चर, मेंटल एबिलिटी और 20 मीटर शूटिंग की जांच की गई। विशेषज्ञों ने निशाने की सटीकता के साथ खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता का आकलन किया।
एथलेटिक्स में स्पीड से लेकर जंप और थ्रो तक टेस्ट
एथलेटिक्स खिलाड़ियों को अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी क्षमता दिखानी पड़ी। इसमें 100, 200, 400, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़, पैदल चाल, हाई जंप, लॉन्ग जंप, गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाओं में प्रदर्शन परखा गया।
हॉकी में तकनीक और एक्युरेसी की बारीकी से जांच
हॉकी खिलाड़ियों के लिए परफेक्शन और एक्युरेसी स्किल टेस्ट आयोजित किया गया। इसमें हिट, पुश, स्कूप, स्टॉपिंग, रिसीविंग, टैकलिंग और क्लीयरेंस जैसी तकनीकी क्षमताओं का परीक्षण हुआ।
इसके अलावा पेनल्टी कॉर्नर इंजेक्टर, ड्रैगर, हिटर और गोलकीपर के लिए टी-टेस्ट जैसी विशिष्ट तकनीकी दक्षताओं का भी आकलन किया गया।
विशेषज्ञों ने किया मूल्यांकन
चयन प्रक्रिया के दौरान वरिष्ठ प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों ने निर्धारित खेल मानकों के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया। ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अकादमी में जगह बनाने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
