छत्तीसगढ़ के 10 हजार युवाओं को मिलेंगे रोजगार का अवसर, रायपुर में 7-8 अक्टूबर को मेगा रोजगार मेला


रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नौकरी का बड़ा अवसर सामने आया है। 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने 9,449 रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। अन्य कंपनियों से भी बातचीत जारी है, ऐसे में रोजगार के अवसरों की संख्या और बढ़ सकती है।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह दो दिवसीय रोजगार मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के मुताबिक निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियां और प्लेसमेंट एजेंसियां भी हिस्सा लेंगी।

10वीं-12वीं से इंजीनियरिंग और MBA तक के लिए मौके

रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास युवाओं के साथ ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA सहित अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए रिक्तियां उपलब्ध हैं।

तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं।

वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भी भर्ती के अवसर हैं।

बैंकिंग से लेकर ड्राइवर और डिलीवरी तक नौकरियां

रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंस और HR के अलावा स्वास्थ्य एवं देखभाल क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर के पद भी शामिल हैं। सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड और सुपरवाइजर तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पद उपलब्ध हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

8 अक्टूबर को युवाओं को मिलेंगे ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इन कंपनियों में भी मौके

मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, NIIT, आईसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट भी रोजगार मेले में शामिल हैं।

घर बैठे कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देखकर अपनी योग्यता के मुताबिक पद के लिए आवेदन किया जा सकता है।

पोर्टल के जरिए कंपनियां भी अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देख सकेंगी तथा जरूरत के अनुसार प्रारंभिक चयन कर सकेंगी।

पिछले दो साल में 9,463 युवाओं का चयन

रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के जरिए 9,463 अभ्यर्थी चयनित हुए।

वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग व बिलासपुर में रोजगार मेलों के जरिए 5,314 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार व दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 4,149 अभ्यर्थी चयनित हुए।

विभाग के मुताबिक 2026 में सितंबर तक 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित हो चुके हैं, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp