सावन सोमवार और नागपंचमी पर CM साय ने की महादेव की पूजा, 1.11 लाख पार्थिव शिवलिंग का विशेष अनुष्ठान

रायपुर, 17 अगस्त 2026। सावन सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।
मैनी नदी के सुरम्य तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय और श्रीमती कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाए और विधि-विधान से उनका पूजन व अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए की प्रार्थना
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन मास की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है और भोलेनाथ लोकमंगल एवं कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों और प्रदेश में सुख, शांति एवं खुशहाली लगातार बढ़ती रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में प्रकृति और परमात्मा के प्रति श्रद्धा का अद्भुत समन्वय है। नदियां, वन, पर्वत और जीव-जगत हमारी आस्था और जीवन परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। सावन में शिव आराधना प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, लोककल्याण और सेवा का संदेश भी देती है।
आस्था और भक्ति का केंद्र बना मंदिर
तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर और आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं।
आयोजन के दौरान पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। 17 अगस्त को पहले दिन पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ पूजन-अभिषेक, आरती और प्रसाद वितरण किया गया। 18 अगस्त को भी पूजन-अभिषेक के बाद आरती और प्रसाद वितरण होगा। वहीं 19 अगस्त को विशेष पूजन और पूर्णाहुति के साथ तीन दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
लोकमंगल की कामना से बनाए जा रहे 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग
इस विशेष आयोजन में 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है। श्रद्धालु सामूहिक रूप से शिवलिंग बनाकर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर रहे हैं। इस सामूहिक शिव आराधना के जरिए प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं लोककल्याण की कामना की जा रही है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान से बगिया और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर है। मैनी नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार, शिव आराधना और श्रद्धालुओं के जयघोष के बीच श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
