CM साय की पहल से अविनाश को मिला नया जीवन, DKS अस्पताल में सफल इलाज के बाद जताया आभार


रायपुर, 17 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के 21 वर्षीय युवक अविनाश नायक का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में सफल उपचार संभव हो सका। फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी अविनाश जन्म से ही पैर की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। आर्थिक तंगी के कारण लंबे समय से उनका इलाज नहीं हो पा रहा था।

स्वस्थ होने के बाद अविनाश सोमवार को बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उनका आभार जताया। अविनाश ने बताया कि उपचार के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है। अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं और रोजमर्रा के काम भी कर पा रहे हैं।

जन्म से थी पैर की समस्या

अविनाश नायक को जन्म से ही बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों एवं हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी। उम्र बढ़ने के साथ यह परेशानी भी बढ़ती गई। इसके चलते उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में परेशानी होने लगी।

कुछ वर्ष पहले उन्होंने जिला अस्पताल में चिकित्सकों से उपचार के लिए संपर्क किया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज और ऑपरेशन के लिए बड़े चिकित्सा संस्थान में जाने की सलाह दी थी। हालांकि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े अस्पताल में उपचार कराना संभव नहीं था।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से मिली मदद

इलाज की उम्मीद लेकर अविनाश ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में अपनी समस्या बताकर सहायता के लिए आवेदन किया। कैंप कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके बेहतर उपचार के लिए तत्काल पहल की।

इसके बाद अविनाश को रायपुर भेजा गया, जहां डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार और ऑपरेशन किया गया। उपचार सफल होने के बाद अब अविनाश धीरे-धीरे सामान्य दिनचर्या की ओर लौट रहे हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

भावुक होकर जताया मुख्यमंत्री का आभार

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अविनाश ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे किसी बड़े अस्पताल में अपना इलाज करा सकें। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देने के बाद उनकी समस्या पर तत्काल पहल हुई और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।

अविनाश ने मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुश्किल समय में मिली मदद ने उनकी जिंदगी बदल दी। उन्होंने उपचार में सहयोग करने वाले चिकित्सकों और प्रशासन का भी धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री साय ने अविनाश के स्वस्थ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।

जरूरतमंदों के लिए मदद का माध्यम बना कैंप कार्यालय

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय आम लोगों की समस्याओं के समाधान के साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारी और अन्य कठिन परिस्थितियों में सहायता उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है।

अविनाश का मामला इसका एक उदाहरण है। आर्थिक अभाव के कारण लंबे समय से उपचार से वंचित युवक को समय पर मदद मिलने के बाद अब वह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहा है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp