यूथ कांग्रेस चुनाव में दबंगई! आधी रात सड़क पर बवाल…डिलीवरी बॉय को घेरकर पीटा, माफी मांगता रहा युवक, फिर भी बरसते रहे थप्पड़-मुक्के, 4 नामजद समेत अन्य पर FIR

भिलाई में दबंगई का VIDEO VIRAL: पिज्जा डिलीवरी बॉय को घेरकर पीटा, कपड़े उतरवाने का आरोप; यूथ कांग्रेस चुनाव से जुड़ा विवाद


दुर्ग-भिलाई, 8 सितंबर 2026। भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनावी विवाद के बीच पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 29 अगस्त की देर रात नेहरू नगर इलाके में हुई घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि कुछ युवकों ने डिलीवरी बॉय को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की और उसके कपड़े तक उतरवा दिए।

वायरल वीडियो में युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट जारी रही। मामले में राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य के खिलाफ सुपेला थाना पुलिस ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।

रात 2 बजे शुरू हुआ विवाद, ढाई बजे फिर घेर लिया

शिकायत के मुताबिक डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवरी करने गया था।

वापसी के दौरान रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

करीब 2:30 बजे जब डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका, तभी चारों युवक वहां पहुंच गए। गाली देने का कारण पूछने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि चारों ने एक राय होकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

बचाने पहुंचे दोस्तों को भी नहीं छोड़ा

मारपीट के बाद डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

घबराए तीनों युवक डोमिनोज पिज्जा पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां भी आरोपी पहुंच गए और फिर गाली-गलौज व मारपीट की गई। इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर चोट लगने का आरोप लगाया गया है।

FIR में यूथ कांग्रेस प्रत्याशी के भाई का भी नाम

मामले में अमन सिंह का नाम भी सामने आया है। शिकायत के मुताबिक घटना के कुछ देर बाद नितिन सिंह का भाई अमन सिंह मौके पर पहुंचा और उस पर भी डिलीवरी बॉय के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप है।

अमन सिंह को दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बताया जा रहा है। ऐसे में घटना के यूथ कांग्रेस चुनावी विवाद से जुड़े होने की चर्चा ने मामले को और तूल दे दिया है।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना? VIDEO ने मचाई सनसनी

घटना का वीडियो और CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवकों का एक समूह डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। युवक के हाथ जोड़कर माफी मांगने के बावजूद मारपीट किए जाने का दृश्य लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों की पूरी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

यूथ कांग्रेस चुनाव में पहले भी हो चुका है विवाद

भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद का यह पहला मामला नहीं बताया जा रहा है। 5 सितंबर को खुर्सीपार से भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें चुनाव प्रचार के दौरान दो पक्षों के युवाओं के बीच विवाद और धक्का-मुक्की दिखाई दी थी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पिज्जा डिलीवरी बॉय से मारपीट का मामला सामने आने से यूथ कांग्रेस चुनावी माहौल पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सुपेला पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में सुपेला थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत, वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp