राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को आएंगी छत्तीसगढ़; रायपुर से बस्तर तक तैयारियां तेज, मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा में होंगी शामिल


रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रायपुर से लेकर बस्तर तक सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान जगदलपुर में विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम और पारंपरिक मुरिया दरबार में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाल ही में राष्ट्रपति को बस्तर दशहरा में शामिल होने का आमंत्रण दिया था। इसी क्रम में उनका छत्तीसगढ़ प्रवास निर्धारित होने की जानकारी सामने आई है।

मुख्य सचिव ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक

राष्ट्रपति के प्रवास की व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, आवास, चिकित्सा सुविधाओं और परिवहन सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़े सभी इंतजाम निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरे किए जाएं।

राष्ट्रपति के कार्यक्रमों के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रायपुर में लोकभवन और इंडोर स्टेडियम में कार्यक्रम

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति रायपुर स्थित लोकभवन और बूढ़ापारा के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके बाद उनके जगदलपुर प्रवास के दौरान लालबाग ग्राउंड में मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम में सहभागिता का कार्यक्रम है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक कड़ी सुरक्षा

राष्ट्रपति के आगमन और आवागमन को देखते हुए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर तथा मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। कारकेड, सड़क मार्ग से सुगम आवाजाही और सुरक्षा प्रोटोकॉल के लिए जिला प्रशासन, पुलिस आयुक्त तथा संबंधित पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

राष्ट्रपति के साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था के लिए भी विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी करेगा।

राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे के दौरान रायपुर के आधिकारिक कार्यक्रमों के साथ बस्तर की समृद्ध जनजातीय परंपरा और विश्वप्रसिद्ध दशहरा उत्सव को भी विशेष महत्व मिलेगा। हालांकि, कार्यक्रमों के अंतिम समय और विस्तृत प्रोटोकॉल की पुष्टि आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही होगी।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp