छत्तीसगढ़ खबरें

नक्सली हमले में गंवाया पैर, अब तीरंदाजी में जीता गोल्ड; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

पूर्व CRPF जवान तोमन कुमार को 51 लाख और बिलासपुर के अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि; मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में किया सम्मानित


रायपुर, 12 नवंबर 2026। जिस जवान ने कभी देश की सुरक्षा के लिए नक्सलियों से लोहा लिया, उसी के शरीर से एक विस्फोट ने उसका बायां पैर छीन लिया। लेकिन हौसला नहीं तोड़ पाया। जिंदगी की सबसे बड़ी चुनौती को पीछे छोड़कर उसने खेल के मैदान में ऐसी वापसी की कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहरा दिया। यह कहानी है छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के तोमन कुमार की, जिन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

तोमन कुमार के साथ ही बिलासपुर के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अभिजीत सखूजा ने भी कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। यानी दोनों खिलाड़ियों को कुल 82 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

नक्सली हमले में पैर गंवाया, फिर खेल के मैदान में रचा इतिहास

बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की कहानी संघर्ष, साहस और इच्छाशक्ति की मिसाल है। वे CRPF की कोबरा बटालियन में तैनात थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।

यह हादसा किसी भी व्यक्ति की जिंदगी की दिशा बदल सकता था, लेकिन तोमन ने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी। उन्होंने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। इसके बाद लगातार अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के दम पर खेल में अपनी पहचान बनाई। एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने साबित कर दिया कि शारीरिक चुनौती किसी के सपनों की सीमा तय नहीं कर सकती।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस वीर जवान ने खेल के मैदान में भी अदम्य इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सलियों के विस्फोट ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा नहीं छीन सका।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बचपन की शारीरिक चुनौती को हराकर अभिजीत ने जीता कांस्य

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा की उपलब्धि भी कम प्रेरक नहीं है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास तथा अनुशासन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की।

एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर अभिजीत ने छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का भरोसा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा की उपलब्धियां केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये संघर्ष से सफलता तक पहुंचने की प्रेरक कहानियां हैं। दोनों खिलाड़ियों का साहस, परिश्रम और संकल्प प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता दी जाती है।

अरुण साव बोले- खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसर

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का वातावरण बना है। ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध करा रही है।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp