कांग्रेस की सरकार बनी तो कौन होगा छ्त्तीसगढ़ का CM? 4 नाम बैज ने गिनाए, 5वां सिंहदेव ने जोड़ दिया, 2028 से पहले कांग्रेस में CM फेस पर नई सियासी हलचल


अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव अभी करीब दो साल दूर हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चा ने अभी से सियासी तापमान बढ़ा दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के एक बयान ने पार्टी के भीतर संभावित मुख्यमंत्री चेहरों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। बैज ने 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को मुख्यमंत्री पद के योग्य बताया है।

सरगुजा में कांग्रेस के संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के दौरान बैज ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखने वाले कई नेता हैं। उन्होंने चरणदास महंत, टीएस सिंहदेव, भूपेश बघेल और ताम्रध्वज साहू के नाम गिनाए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही करेगा।

बैज ने चार नाम गिनाए, सिंहदेव ने जोड़ दिया पांचवां

दीपक बैज के बयान के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी प्रतिक्रिया दी। सिंहदेव ने कहा कि बैज ने चार नाम गिनाए हैं, लेकिन इसमें पांचवां नाम खुद दीपक बैज का भी हो सकता है, क्योंकि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं और प्रोटोकॉल में भी हैं।

सिंहदेव के इस बयान के बाद कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के संभावित चेहरों को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। खास बात यह है कि बैज ने जहां वरिष्ठ नेताओं की दावेदारी का जिक्र किया, वहीं सिंहदेव ने उसी सूची में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का नाम भी जोड़ दिया।

‘ढाई-ढाई साल के CM’ की चर्चा से कांग्रेस को नुकसान हुआ- सिंहदेव

टीएस सिंहदेव ने पिछली सरकार के दौरान मुख्यमंत्री पद को लेकर चली ढाई-ढाई साल की चर्चाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की चर्चा से कांग्रेस को नुकसान हुआ और 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा।

सिंहदेव का यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस ने 2028 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी के प्रशिक्षण शिविरों में संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

बैज बोले- ‘अभी बैटिंग शुरू नहीं हुई, विकेट गिरने लगे’

मुख्यमंत्री चेहरे की चर्चा के साथ दीपक बैज ने भाजपा पर भी हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के भीतर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और कांग्रेस की ‘फील्डिंग सेट’ हो रही है।

बैज ने कहा कि कांग्रेस की अभी बैटिंग शुरू भी नहीं हुई है और भाजपा के विकेट गिरने शुरू हो गए हैं। उन्होंने भाजपा में कई जगह कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की बात भी कही। इससे पहले भी बैज भाजपा के नाराज नेताओं के कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा कर चुके हैं। हालांकि ऐसे दावे राजनीतिक बयानों के रूप में ही देखे जाने चाहिए।

महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

दीपक बैज ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों के मुद्दे पर सरकार क्या कर रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर आने वाले समय में सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।

2028 से पहले शुरू हुई ‘CM फेस’ की चर्चा

कांग्रेस के भीतर अभी मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन बैज द्वारा चार वरिष्ठ नेताओं के नाम गिनाना और सिंहदेव द्वारा बैज को भी संभावित चेहरे के तौर पर जोड़ना इस बात को सामने लाता है कि 2028 की चुनावी तैयारियों के साथ-साथ पार्टी के भीतर नेतृत्व और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है। फिलहाल अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान के स्तर पर होना है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp