फिल ग्रुप के ठिकानों पर IT की बड़ी कार्रवाई, SIR सर्वे टीम बनकर पहुंची आयकर विभाग की टीम, चल रही छापेमारी
बिलासपुर, 12 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने बड़े कोयला कारोबारी और फिल ग्रुप (Phil Group) से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम SIR सर्वे टीम के रूप में पहुंची, जिससे शुरुआती तौर पर किसी को कार्रवाई की भनक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित फिल ग्रुप के दफ्तर, रामा वर्ल्ड स्थित निवास और अन्य व्यावसायिक परिसरों में दबिश दी है। टीम दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक कोयला कारोबार से जुड़े लेन-देन, बैंक खातों, आय-व्यय विवरण और संभावित अघोषित आय की जांच की जा रही है। कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है। वहीं फिल ग्रुप या संबंधित कारोबारी की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बिलासपुर दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स (SECL) का प्रमुख केंद्र है और यहां कोयला कारोबार करोड़ों रुपये में होता है। ऐसे में इस कार्रवाई को लेकर कोयला कारोबारी जगत में हलचल मची हुई है।
पहले 11 करोड़ रुपये सरेंडर
पिछले महीने GST विभाग की जांच के दौरान फिल ग्रुप समेत अन्य कोल कारोबारी समूहों ने कुल 27.5 करोड़ रुपये टैक्स के रूप में सरेंडर किए थे। इस मामले में फिल ग्रुप ने लगभग 11 करोड़ रुपये सरेंडर किए थे। अन्य समूहों ने अलग-अलग रूप से टैक्स राशि समर्पित की थी, जिससे कुल रकम 27.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। इस सरेंडर राशि के पीछे संभावित टैक्स अनियमितताओं और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) की हेराफेरी की आशंका जताई गई थी, जिसके चलते GST अधिकारी वर्षों से कारोबारियों पर नजर रख रहे थे।










