उप अभियंता सस्पेंड; घटिया निर्माण पर PWD सचिव का बड़ा एक्शन, पॉलिटेक्निक कॉलेज की बिल्डिंग में मिली गड़बड़ी
जशपुर में निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान मुकेश कुमार बंसल ने पकड़ी अनियमितता, मौके पर ही दिए निलंबन के निर्देश; सड़क निर्माण में देरी और गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को लगाई फटकार

रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जशपुर जिले में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन में गंभीर खामियां पकड़ीं। निर्माण की गुणवत्ता अमानक पाए जाने पर उन्होंने संबंधित उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने निलंबन आदेश भी जारी कर दिया।
सचिव के इस एक्शन से निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। कई कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को काम में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।
कॉलेज भवन में अमानक निर्माण, उप अभियंता सस्पेंड
बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का निरीक्षण करते समय PWD सचिव ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए उन्होंने उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।
41 किलोमीटर सड़क का भी किया निरीक्षण
मुकेश कुमार बंसल ने केंद्रीय सड़क निधि (CRF) के तहत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण की गति बढ़ाने के साथ प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
13.56 करोड़ की जशपुर-सन्ना सड़क का काम जल्द शुरू करने के निर्देश
PWD सचिव ने जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की। इस परियोजना के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
35.86 करोड़ की आस्ता-कुसमी सड़क पर भी फोकस
जशपुर के आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन और मजबूतीकरण कार्य की समीक्षा के दौरान भी सचिव ने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस सड़क के निर्माण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
अधिकारियों को दो टूक- गुणवत्ता से समझौता नहीं
जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सचिव ने नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों और गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान PWD के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर सहित जशपुर और पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे।
