छत्तीसगढ़ खबरें

GGU में बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, CM साय बोले- विकास के साथ विरासत को भी सहेजना जरूरी

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन; मुख्यमंत्री ने कहा- जनजातीय नायकों का संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर


बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास को भी सहेजकर रखना जरूरी है। जनजातीय नायकों का संघर्ष और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में कही। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय नायकों ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के साथ अपनी संस्कृति, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया। जनजातीय गौरव दिवस उनके त्याग और बलिदान को याद करने तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर है।

25 साल की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौती

मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। जनजातीय समाज के शोषण और उसकी संस्कृति को नष्ट करने के प्रयासों के खिलाफ उनका संघर्ष पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। विकासखंडों, स्कूलों और महाविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों की शौर्यगाथाओं से परिचित कराया जा रहा है।

वीर नारायण सिंह के संघर्ष को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के समय गरीबों की भूख मिटाने के लिए अनाज के गोदाम खुलवा दिए थे। जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता की चेतना जगाने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में प्रतिष्ठित कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिलाया है। इन नायकों के संघर्ष और बलिदान को संग्रहालयों के माध्यम से भी सहेजा जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके इतिहास से परिचित हो सकें।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

छत्तीसगढ़ के साढ़े छह हजार गांव धरती आबा अभियान में शामिल

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के लगभग साढ़े छह हजार गांव शामिल हैं। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों तक सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राज्य सरकार जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय बढ़ाया गया है।

वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने वनवासी कल्याण आश्रम के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक उत्थान के लिए संस्था ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के कार्यों को भी याद किया।

मुख्यमंत्री ने जोगेश्वर यादव की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बीच गहरा विश्वास अर्जित किया है। उनके आग्रह पर समुदाय के लोगों का टीकाकरण के लिए आगे आना इसी विश्वास का उदाहरण है।

10 रुपये में भोजन की व्यवस्था से ढाई हजार लोगों को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने गुरु घासीदास विश्वविद्यालय की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से लगभग ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के प्रयास भी सराहनीय हैं।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की स्थापना और महत्वपूर्ण विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित करने के लिए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

तोखन साहू और अरुण साव ने भी जनजातीय नायकों को किया याद

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महान जनजातीय नायकों को नमन करने का दिन है। भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान के माध्यम से शोषण और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति दी। शहीद वीर नारायण सिंह का बलिदान भी छत्तीसगढ़ के इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन महत्वपूर्ण है। वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे महानायकों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा उनके साहस और बलिदान की याद दिलाती रहेगी।

अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में असाधारण कार्य किए। उन्होंने अंग्रेजों के शोषण का विरोध करते हुए जनजातीय समाज की भूमि और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है।

संगोष्ठी के प्रारंभ में कॉन्फ्रेंस डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp