बिलासपुर को 120 करोड़ की सौगात: बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद कर CM साय बोले- जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प लें
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह; 16 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, शिक्षा और आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर मुख्यमंत्री का जोर

बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया। बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने करीब 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा के संघर्ष का इतिहास है। इन महान नायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, विकास और सामाजिक एकजुटता के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना होगा।
बिरसा मुंडा ने जगाई अधिकारों और स्वाभिमान की चेतना
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। उन्होंने जनजातीय समाज में अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए चेतना जगाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले ही अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था। छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की सहायता की और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। इन नायकों के संघर्ष और बलिदान की गाथाओं को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में संजोया गया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से संग्रहालय का भ्रमण कर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को जानने की अपील की।
पीएम जनमन और जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से विकास को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय विकास को नई दिशा दी। उन्होंने ही छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। आवास और महतारी वंदन जैसी योजनाओं से भी बड़ी संख्या में जनजातीय परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।
शिक्षा को बताया विकास का मूलमंत्र
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के माध्यम से युवाओं का भविष्य संवारने का प्रयास किया जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से विकास कार्यों को गति मिली है। अब दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
तोखन साहू और अरुण साव ने भी किया जनजातीय नायकों को याद
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने गौरवशाली इतिहास को याद करने और उससे प्रेरणा लेने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा, अमर शहीद वीर नारायण सिंह सहित छत्तीसगढ़ के अनेक वीरों ने समाज और देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभाएं आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचकर राष्ट्र का नेतृत्व कर रही हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने तप, त्याग और संघर्ष से समाज के हृदय में भगवान का स्थान प्राप्त किया। जनजातीय गौरव दिवस उन नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया जा रहा है। योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और सामाजिक एकता मजबूत बनाए रखने की जरूरत है।
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने लगभग 25 वर्ष के जीवन में ऐसे कार्य किए, जिनके कारण वे जनमानस के लिए भगवान बन गए। उन्होंने जनजातीय समाज की सामूहिक जीवनशैली, रीति-नीति और जड़ी-बूटियों के पारंपरिक ज्ञान को महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण और प्रामाणिक इतिहास लेखन पर जोर दिया।
28 प्रतिभाओं का सम्मान, लोकनृत्य विजेता दलों को बधाई
समारोह में भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सर्व आदिवासी समाज की ओर से विशाल गजमाला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी। इसके साथ ही शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए समिति को बधाई दी। कार्यक्रम संयोजिका वंदना उइके ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
