बिलासपुर के शनिचरी बाजार में अतिक्रमण पर निगम का एक्शन, 7 दुकानदारों पर 48 हजार का जुर्माना

बिलासपुर। शहर के प्रमुख शनिचरी बाजार में फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। जोन क्रमांक 5 की जोन कमिश्नर सवीना आनंद के निर्देश पर अतिक्रमण शाखा और जोन की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर दुकानों के बाहर फुटपाथ पर रखे सामान और किए गए अतिक्रमण को हटाया।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने अतिक्रमण करने वाले 7 दुकानदारों पर कुल 48 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। टीम ने मौके पर दुकानदारों को फुटपाथ पर सामान रखकर दोबारा रास्ता बाधित नहीं करने की समझाइश भी दी।
इन दुकानदारों पर हुई कार्रवाई
नगर निगम ने अतिक्रमण के मामले में जायसवाल फ्रूट भंडार पर 15 हजार रुपये, मो. जफर कपड़ा दुकान पर 5 हजार रुपये, वसुंधरा कृषि संसार पर 5 हजार रुपये, संतोष बिरयानी पर 2 हजार रुपये, समय फीस सीड पर 10 हजार रुपये, जया दुकान पर 1 हजार रुपये और यादव भोजनालय पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह निगम ने कुल 48 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
फुटपाथ पर दोबारा सामान रखा तो होगी कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान के बाहर फुटपाथ पर सामान रखकर राहगीरों के आवागमन में बाधा न डालें। निगम के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराना और आम लोगों के लिए रास्ता सुगम बनाना है।
जोन क्रमांक 5 की कमिश्नर सवीना आनंद के निर्देशन में अतिक्रमण शाखा और जोन की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। निगम ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।
शनिचरी बाजार जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण अक्सर पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। ऐसे में निगम की यह कार्रवाई राहगीरों के लिए आवागमन आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
