चमोली सुरंग हादसा: कोंडागांव के 4 श्रमिकों की मौत, CM साय ने परिजनों को ₹5-5 लाख सहायता के दिए निर्देश

रायपुर, 20 अगस्त 2026। उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग में पानी भरने की दर्दनाक घटना में कोंडागांव जिले के चार श्रमिकों की मौत हो गई। हादसे में जिले के दो अन्य श्रमिक घायल हुए हैं। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक श्रमिकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिवार को ₹5 लाख तथा हादसे में घायल दोनों श्रमिकों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक की मृत्यु हुई है। वहीं जिले के दो श्रमिक घायल हुए हैं। दिवंगत श्रमिकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाए गए, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायल श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
