CG Politics Breaking: साय कैबिनेट में फेरबदल की आहट? BJP की बैठकों में मंत्रियों के कामकाज का फीडबैक, ‘नॉन-परफॉर्मर’ पर नजर!

पौने तीन साल बाद मंत्रियों की परफॉर्मेंस पर मंथन से गरमाई सियासत, अगले एक महीने में बदलाव की अटकलें; BJP बोली- नियमित समीक्षा, कांग्रेस ने साधा निशाना


रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं ने एक बार फिर सियासी तापमान बढ़ा दिया है। बीजेपी संगठन की लगातार हुई बैठकों में सरकार और पार्टी के कामकाज की समीक्षा के साथ मंत्रियों की परफॉर्मेंस को लेकर फीडबैक लिए जाने की खबरों ने कैबिनेट विस्तार या बदलाव की अटकलों को हवा दे दी है।

हालांकि बीजेपी की ओर से इसे पार्टी की नियमित संगठनात्मक समीक्षा बताया जा रहा है, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा है कि कुछ मंत्रियों के कामकाज का आकलन किया जा रहा है और आने वाले समय में कैबिनेट में बदलाव देखने को मिल सकता है।

मंत्रियों के कामकाज पर विधायकों से फीडबैक?

बीजेपी कार्यालय में लगातार दो दिन हुई संगठन की बैठकों में पार्टी के कामकाज और सरकार की योजनाओं की समीक्षा की गई। सूत्रों के मुताबिक, इसी दौरान मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन को लेकर विधायकों से फीडबैक लिए जाने की भी चर्चा है।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार के करीब पौने तीन साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे में पार्टी अब आगामी चुनावी तैयारियों की दिशा में संगठन और सरकार दोनों के प्रदर्शन को कसौटी पर कस रही है।

‘नॉन-परफॉर्मर’ मंत्रियों पर गिरेगी गाज?

बैठकों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या साय कैबिनेट में जल्द बदलाव होने वाला है? सियासी चर्चाओं के मुताबिक, कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन से संगठन पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। ऐसे में कमजोर प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों को हटाकर नए चेहरों को मौका दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

कुछ विधायक भी दबी जुबान में अगले एक महीने के भीतर मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना की चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

BJP बोली- रूटीन बैठक, कांग्रेस ने घेरा

बीजेपी की ओर से इन चर्चाओं को ज्यादा तवज्जो नहीं दी जा रही है। पार्टी का कहना है कि संगठन की बैठकें नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं और इनमें पार्टी के कामकाज के साथ सरकार की योजनाओं की भी समीक्षा होती है।

वहीं कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि केंद्र में भी मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाएं चल रही हैं। उन्होंने राज्य सरकार के मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

अब नजर BJP के अगले कदम पर

फिलहाल साय कैबिनेट में फेरबदल की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन संगठन की बैठकों में परफॉर्मेंस समीक्षा और फीडबैक की चर्चाओं ने राजनीतिक अटकलों को जरूर तेज कर दिया है।

 

 

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp