CG-नगरपालिका विवाद ने पकड़ा तूल: CMO-इंजीनियर की शिकायत पर अध्यक्ष के खिलाफ FIR, गाली-गलौज और धमकी के गंभीर आरोप

अभनपुर, 20 अगस्त 2026। अभनपुर नगरपालिका में अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच चल रहा विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। नगरपालिका के CMO नीलेश केरकेट्टा और सब इंजीनियर दशांत चौहान ने नगरपालिका अध्यक्ष उत्तरसेन गहरवारे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने अध्यक्ष पर अश्लील गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला 13 अगस्त का है। नगरपालिका में किसी भुगतान को लेकर अध्यक्ष और CMO व सब इंजीनियर के बीच विवाद हुआ था। अधिकारियों का आरोप है कि इसी दौरान अध्यक्ष ने उनके साथ कथित तौर पर जमकर गाली-गलौज की।
अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें मारने के लिए डंडा निकलवाया गया। हालांकि घटना के दौरान मारपीट नहीं हुई। विवाद के बाद CMO और सब इंजीनियर ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
CMO बोले- ऐसी स्थिति में काम करना मुश्किल
CMO नीलेश केरकेट्टा ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने किसी जनप्रतिनिधि से इस तरह की गाली-गलौज नहीं सुनी। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में अधिकारियों के लिए निष्पक्ष तरीके से शासकीय कार्य करना मुश्किल हो जाता है। सब इंजीनियर दशांत चौहान भी CMO के साथ थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नगरपालिका अध्यक्ष उत्तरसेन गहरवारे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। ASP रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा के मुताबिक, शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष और नगरपालिका अधिकारियों के बीच विवाद के थाने तक पहुंचने के बाद अभनपुर नगरपालिका की कार्यप्रणाली और दोनों पक्षों के बीच चल रहे कथित मतभेदों को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।