CG-महापौर की इनोवा में अचानक लगी आग; नगर निगम परिसर में मचा हड़कंप, बोनेट से उठी लपटें

दुर्ग। नगर निगम परिसर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार के चेंबर के सामने खड़ी इनोवा कार में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते बोनेट से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। वाहन में आग लगते ही निगम कर्मचारियों और वहां पहुंचे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
अचानक उठीं लपटें, मची भगदड़ जैसी स्थिति
घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। महापौर उस समय अपने चेंबर में बैठी थीं। इसी दौरान परिसर में खड़ी इनोवा के बोनेट से अचानक आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
आग की लपटें देखते ही कर्मचारियों ने तत्काल आसपास खड़े वाहनों को हटाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आग अगर आसपास खड़ी गाड़ियों तक पहुंच जाती तो नुकसान बड़ा हो सकता था।
एक घंटे बाद पहुंची दमकल टीम
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब 12 बजे दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते आसपास के वाहन हटाए जाने से आग के बड़े इलाके में फैलने का खतरा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में खुलेगा राज
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वाहन में आग किस कारण लगी, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बताया गया है कि आग की चपेट में आई इनोवा नगर निगम द्वारा किराए पर लिया गया वाहन है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
