CG-भीषण सड़क हादसा; स्कॉर्पियो ने 4 को कुचला, 3 की मौत, एक जिंदगी से जूझ रही…चालक की जमकर पिटाई
अंबिकापुर, 6 अप्रैल 2026। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर भिट्ठीकला के पास हुआ। बताया जा रहा है कि चारों महिलाएं बाजार से सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद नाराज लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे हाईवे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए लोगों को शांत कराया। पुलिस ने आरोपी चालक सोनू राजवाड़े को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











