CG-छुट्टी ब्रेकिंग: छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियां 20 अप्रैल से, भीषण गर्मी का असर….CM ने किया ऐलान

रायपुर: प्रदेश में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित तिथि से पहले लागू करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि अब राज्य में स्कूलों की छुट्टियां 20 अप्रैल से 15 जून तक रहेंगी।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बच्चों की सेहत सुरक्षित रखी जा सके। सरकार का मानना है कि इस समय बच्चों का घर में रहना ही उनके लिए सुरक्षित है।
स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में दिनांक 01 मई 2026 से 15 जून 2026 तक घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में संशोधन करते हुए अब दिनांक 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश प्रदेश के समस्त शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय शालाओं पर लागू होगा।
इस फैसले के बाद अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।










