CG ED Raid: दुर्ग से धमतरी तक ED का बड़ा एक्शन! पूर्व पटवारी नेता के घर छापा, नगर निगम के पूर्व उपायुक्त के ठिकाने पर भी दबिश


दुर्ग/धमतरी, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मंगलवार की सुबह ED की ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप मच गया। प्रवर्तन निदेशालय की टीमों ने एक साथ दुर्ग और धमतरी में कई ठिकानों पर दबिश दी। सुरक्षा बलों के साथ पहुंची ED की टीमों ने घरों के भीतर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य अहम कागजात की जांच शुरू कर दी।

सबसे बड़ी हलचल दुर्ग के सिकोला भाठा स्थित बंगाली कॉलोनी में देखने को मिली, जहां ED की टीम पटवारी संघ के पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी कमलेश राजपूत के घर पहुंची। जानकारी के मुताबिक, करीब दो वाहनों में सवार होकर पहुंचे ED अधिकारियों ने सुबह से ही घर के भीतर जांच शुरू कर दी।

दुर्ग में पूर्व पटवारी नेता के घर ED की दबिश

कमलेश राजपूत के घर चल रही कार्रवाई के दौरान ED की टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। हालांकि, अभी तक एजेंसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि छापे की कार्रवाई किस मामले या जांच से जुड़ी हुई है।

बताया जा रहा है कि कमलेश राजपूत के परिवार के कई सदस्य प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े हैं। इनमें दो पटवारी, एक उपपंजीयक और एक नायब तहसीलदार के पद पर होने की जानकारी सामने आई है। परिवार की प्रशासनिक पृष्ठभूमि के बीच ED की कार्रवाई ने इलाके में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि, कार्रवाई के पीछे का वास्तविक कारण अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।

धमतरी में भी ED का बड़ा एक्शन

इधर धमतरी में भी ED की टीम ने सुबह-सुबह दस्तक दी। टीम अमलतास पुरम पहुंची, जहां नगर निगम के पूर्व उपायुक्त पंकज शर्मा के किराए के मकान में जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, करीब दो वाहनों में पहुंची ED टीम के साथ सुरक्षा बल भी मौजूद हैं। करीब छह सदस्यीय टीम घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

कांग्रेस शासनकाल में धमतरी नगर निगम में थे उपायुक्त

पंकज शर्मा पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान धमतरी नगर निगम में उपायुक्त के पद पर पदस्थ रहे हैं। वर्तमान में उनकी पदस्थापना रायपुर में बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, वह पिछले करीब दो महीने से अमलतास पुरम स्थित इस किराए के मकान में रह रहे हैं। हालांकि, ED की कार्रवाई किस मामले से संबंधित है, इसे लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दो जिलों में एक साथ कार्रवाई से मचा हड़कंप

एक ही सुबह दुर्ग में पूर्व पटवारी संघ पदाधिकारी और धमतरी में नगर निगम के पूर्व उपायुक्त से जुड़े ठिकाने पर ED की दबिश ने प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।

फिलहाल दोनों स्थानों पर जांच जारी है। ED की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि किस मामले में जांच चल रही है, ED के रडार पर कौन-कौन से दस्तावेज हैं और कार्रवाई में एजेंसी को क्या हासिल हुआ है।

cgnews24 Team

CGNews24 Team अनुभवी पत्रकारों और उत्साही लेखकों का एक समर्पित समूह। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों से लेकर देश-दुनिया की प्रमुख घटनाओं की सबसे तेज़, सटीक और निष्पक्ष कवरेज 24x7 आप तक पहुँचाना है। हमसे जुड़ें: संपर्क करें (Email) | हमारी संपादकीय नीति पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होमछत्तीसगढ़ खबरेंराजनीतिWhatsapp