CG-भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार; TI को धमकी, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ का आरोप, चंगोराभांटा से पुलिस ने दबोचा

रायपुर, 18 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी थाने के भीतर थाना प्रभारी से कथित बदसलूकी, धमकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में फरार चल रहे भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे चंगोराभांटा इलाके से पकड़ा। एडिशनल डीसीपी आदित्य पाण्डेय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी के कथित तौर पर भेस बदलकर छिपने की बात भी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद उसे गुढ़ियारी थाने लाया गया, जहां पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
जब्त साउंड सिस्टम छुड़ाने पहुंचा था थाने, फिर बढ़ गया विवाद
पुलिस के मुताबिक, मामला 15 सितंबर का है। गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे शुभांकर द्विवेदी अपने कुछ साथियों के साथ थाने पहुंचा था। आरोप है कि शुभांकर द्विवेदी, प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सत्यम पाण्डेय और अन्य लोग थाना प्रभारी के कार्यालय में घुसकर फर्श पर बैठ गए और धरना देने लगे।
विवाद की वजह 14 सितंबर को कोलाहल अधिनियम के तहत जब्त किया गया वाहन और साउंड सिस्टम बताया गया है। शिकायत के मुताबिक, थाना प्रभारी ने संबंधित लोगों को समझाया था कि जब्त सामान की वापसी नियमानुसार न्यायालय की प्रक्रिया के जरिए ही हो सकती है। लेकिन, आरोप है कि वे अपनी मांग पर अड़े रहे और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
गमला-पेन स्टैंड फेंकने और टीवी तोड़ने का आरोप
थाना प्रभारी की शिकायत में कार्यालय के सामान को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि विवाद के दौरान शुभांकर द्विवेदी ने मेज पर रखा गमला और पेन स्टैंड उठाकर फर्श पर पटक दिया। इसके बाद मेज पर रखी नामपट्टिका दीवार पर लगे टीवी पर दे मारी, जिससे टीवी क्षतिग्रस्त हो गया।
शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसे सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी, लेकिन विवाद जारी रहा।
TI को वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी?
थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने अपनी शिकायत में गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने थाना प्रभारी को वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी दी थी।
इसके अलावा, कार्यालय में भीड़ जुटने से पुलिसकर्मियों की आवाजाही प्रभावित होने और जब्त सामान से जुड़े दस्तावेज तैयार करने सहित सरकारी कामकाज में बाधा आने का आरोप भी लगाया गया है।
गिरफ्तारी के बाद अब किन बिंदुओं पर जांच?
एडिशनल डीसीपी आदित्य पाण्डेय के अनुसार, पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी को चंगोराभांटा इलाके से गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरारी के दौरान उसके संभावित ठिकानों और कथित मददगारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है मामले में शिकायत के आधार पर लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
